करवा चौथ आज, शाम 7:40 बजे होगा चंद्रोदय
वाराणसी : पति की लंबी उम्र, स्वास्थ्य, सफलता एवं अखंड सौभाग्य के लिए सुहागिनें कार्तिक कृष्ण चतुर्थी पर रविवार (20 अक्टूबर) को करक चतुर्थी यानी करवा चौथ का व्रत करेंगी।
पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर सायंकाल मां गौरी संग भालचंद्र गणेशजी की अर्चना कर चंद्रोदय पश्चात चंद्रदर्शन कर, चंद्रमा को अर्घ्य देंगी और तत्पश्चात व्रत संपन्न करेंगी। चतुर्थी तिथि के चंद्रमा का उदय रविवार शाम 7:40 बजे होगा।
व्रती महिलाएं रविवार की भोर में सूर्योदय के पूर्व ही जल ग्रहण कर व्रत का संधान करेंगी। इसके बाद पूरे दिन निराहार, निर्जला रहेंगी। शाम 7:40 बजे चंद्रोदय पश्चात चंद्रदर्शन कर पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत का पारण करेंगी।


