20 करोड़ के गबन में इंजीनियर के खिलाफ कार्रवाई शुरू
आगराः 20 करोड़ के गबन के आरोपों में घिरे ईदगाह रेलवे स्टेशन के सीनियर सेक्शन इंजीनियर वीरेंद्र कुमार के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू हो गई है। सेवानिवृत्त मुख्य कार्यालय अधीक्षक ने उन पर स्क्रैप बिक्री, पौधारोपण समेत अन्य काम में गबन के आरोप लगाते हुए रेलवे अधिकारियों और सीबीआइ को सुबूत भेजकर शिकायत की थी।
लंबे समय से तैनात सीनियर सेक्शन इंजीनियर वीरेंद्र कुमार के अधीन ईदगाह बयाना रेल खंड आता है। इसके अलावा वे ईदगाह रेलवे संस्थान के सचिव भी हैं। सेवानिवृत्त मुख्य कार्यालय अधीक्षक, रेलवे मनमोहन अरोड़ा ने इसकी शिकायत रेलवे बोर्ड से लेकर सीबीआइ से की है। इसमें कहा गया कि रेल संस्थान कैम्पस शादी समारोह के लिए बुकिंग में खेल किया गया। किराए के पैसे अपने टेंट हाउस संचालक मित्र के निजी खाते में जमा कराए गए हैं। इसके अलावा गलत तरीके से टीए भी लिया गया है।
पौधारोपण में भी खेल किया गया है। 2021 में फतेहपुर सीकरी रेलवे स्टेशन से बेचे गए स्क्रैप में भी गबन किया गया। इंजीनियर वीरेंद्र कुमार ने सभी आरोप साजिशन बताए हैं। जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि डीआरएम ने वीरेंद्र कुमार के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।


