नाबालिग बेटे से मारपीट, मां से छेड़छाड़
आगराः सिकंदरा क्षेत्र में रहने वाली महिला ने पड़ोसी किराएदार पर नाबालिग बेटे से मारपीट करने और बचाने पर उनसे छेड़छाड़ और अश्लील हरकत का आरोप लगाया। पहले पुलिस कंट्रोल रूम 112 और फिर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो महिला ने डीसीपी सिटी सूरज राय से न्याय की गुहार लगाई।
डीसीपी के आदेश पर 19 दिन बाद मुकदमा दर्ज किया गया। महिला ने पुलिस को बताया कि मुहल्ले में माता-पिता के साथ किराए पर रहने वाला सूरज कई दिनों से उनके 12 वर्षीय बड़े बेटे से उनका नंबर मांग रहा था।
बेटे से गाली गलौज करता था। 19 सितंबर की शाम वो बेटे के साथ गाय के लिए घास लेने जा रही थीं। रास्ते में सूरज ने बेटे को रोक लिया। मोबाइल नंबर न देने की बोलकर गालियां देते हुए मारपीट करने लगा। उन्होंने बचाने का प्रयास किया तो आरोपित ने उनसे छेड़छाड़ और मारपीट करते हुए उनके कपड़े फाड़ दिए। इंस्पेक्टर नीरज शर्मा ने बताया कि जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।


