कारोबारी की 17.200 किलो चांदी गबन करने वाले कारीगर गिरफ्तार
आगराः हरीपर्वत क्षेत्र के चांदी कारोबारी से आभूषण बनाने का ठेका लेकर 17.200 किलो चांदी लेकर गबन करने वाले दो कारीगरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सारी चांदी और एक स्कूटी बरामद हुई है।
एसीपी हरीपर्वत आदित्य कुमार ने बताया कि बाग मुजफ्फर खां के रहने वाले सिकंदर गोला ने पांच अक्टूबर को शिकायत की थी कि उनके पास मोती कटरा के राहुल और मनीष आभूषण बनाने का काम करने आए थे। उन्होंने इसके लिए उनसे 17.200 ग्राम चांदी ली थी। इसके बाद वो आभूषण बना कर नहीं लाए और संपर्क भी नहीं किया। घर जाने पर भी उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।
मंगलवार रात दोनों को गिरफ्तार किया गया है। गबन की गई पूरी चांदी और स्कूटी बरामद की गई है।


