18 से 23 नवंबर तक होगी निपुण मूल्यांकन परीक्षा
लखनऊ: परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्रों की निपुण मूल्यांकन परीक्षा 18 नवंबर से शुरू होकर 23 नवंबर तक चलेगी। विद्यार्थी ओएमआर शीट पर परीक्षा देंगे। सभी मंडलों का अलग-अलग परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। भाषा व गणित में विद्यार्थियों को दक्ष करने के लिए निपुण भारत मिशन चलाया जा रहा है।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा की ओर से पारदर्शितापूर्ण ढंग से परीक्षा आयोजित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, सहारनपुर, कानपुर और बरेली मंडलों के विद्यालयों में कक्षा एक से तीन तक के विद्यार्थियों की परीक्षा 18 नवंबर और कक्षा चार से आठ तक के विद्यार्थियों की परीक्षा 19 नवंबर को होगी। वहीं गोरखपुर, वाराणसी, चित्रकूट, मेरठ, अलीगढ़
और झांसी मंडलों के स्कूलों में कक्षा एक से तीन तक के छात्रों की परीक्षा 20 नवंबर और कक्षा चार से आठ तक के विद्यार्थियों की परीक्षा 21 नवंबर को होगी। देवीपाटन, मुरादाबाद, आजमगढ़, आगरा, बस्ती और मीरजापुर मंडलों के विद्यालयों में कक्षा एक से तीन तक के छात्र 22 नवंबर को और कक्षा चार से कक्षा आठ तक के विद्यार्थी 23 नवंबर को परीक्षा देंगे।


