13 राशन विक्रेताओं पर लगाया जुर्माना, एक दुकान सील की
आगराः उपायुक्त, खाद्य एवं रसद और जिला पूर्ति अधिकारियों द्वारा गुरुवार को आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद एवं मैनपुरी जनपद में कुल 35 उचित दर की दुकानों का निरीक्षण किया। अनियमितता पाए जाने पर 13 सरकारी राशन विक्रेताओं की प्रतिभूति जब्त और एक उचित दर की दुकान को सीज किया गया।
उपायुक्त, खाद्य विनय कुमार सिंह ने फरह (मथुरा) एवं नामनेर, ईदगाह में सरकारी राशन की दुकान का निरीक्षण किया। इस दौरान अन्त्योदय कार्ड धारकों की सूची अस्पष्ट पाए जाने एवं रेट बोर्ड, स्टाक बोर्ड, सर्तकता समिति के सदस्यों, वितरण स्केल प्रदर्शित न पाए जाने पर दोनों उचित दर विक्रेताओं की प्रतिभूति जब्त किए जाने के निर्देश दिए। फिरोजाबाद में कार्ड धारकों द्वारा वितरण की शिकायत पर ग्राम रूधरू पहाड़पुर, तहसील टूंडला, उचित दर दुकान का निरीक्षण के दौरान विक्रेता उपस्थित नहीं मिला। दुकान को सील कर दिया गया।
फिरोजाबाद के जिलाधिकारी ने दुकान की जांच के लिए टीम गठित की है। इसके अलावा ग्राम पंचायत-सूरजपुर दुगमई, ग्राम-आमौर नगला जीवन, ग्राम-रूचिन मनिकपुर, तहसील- सिरसागंज व ग्राम-चितावली, तहसील-शिकोहाबाद एवं नगर क्षेत्र शिकोहाबाद में कटरा मीरा की दो उचित दर विक्रेताओं द्वारा दुकान पर सामान्य सूचनाएं, रेट बोर्ड, स्टाक बोर्ड, वितरण स्केल, टोल फ्री नंबर और अन्त्योदय परिवारों की सूची प्रदर्शित न पाए जाने पर प्रतिभूति जब्त के निर्देश दिए गए। आगरा में हंसपुरा, नगला मंगोली, सीकरी चार हिस्सा, दयौनारी में अन्त्योदय परिवारों की सूची और अन्य अनियमितताओं के चलते प्रतिभूति जब्त करने के निर्देश दिए गए।


