संदिग्ध दशा में युवक की मौत स्वजन ने लगाया हत्या का आरोप
प्रयागराज। नेवादा में रहने वाले रोहित कुमार की संदिग्ध दशा में मौत हो गई। हत्या का आरोप लगाते हुए परिवार वालों ने शनिवार शाम हंगामा किया। एडीजी आवास के पास सड़क पर शव रखकर जाम लगाया और कैंट पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप भी मढ़ा। पुलिस हादसे में युवक की मौत होने की बात बता रही है, लेकिन वाहन ने टक्कर मारी यह साफ नहीं है।
बताया गया है कि मूलरूप से नवाबगंज निवासी रोहित कुमार मजदूरी करता था। वह अपनी पत्नी सुमलता के साथ नेवादा कैंट में रहता था। पांच दिन पहले वह काम पर निकला और वापस नहीं आया। अगले दिन किसी ने बताया कि रोहित की हत्या कर दी गई है, लेकिन जब परिवार वाले स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल पहुंचे तो रोहित आइसीयू में भर्ती था। शनिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद शाम को शव लेकर अशोक नगर में एडीजी आवास के पास पहुंचे और सड़क पर जाम लगा दिया। यातायात प्रभावित होने पर कैंट समेत कई थाने की पुलिस पहुंच गई। पत्नी, परिवार के सदस्यों से लेकर बाकी लोगों ने कैंट पुलिस पर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। पत्नी सुमनलता का यह भी आरोप है कि कुछ माह पहले पड़ोस में रहने वाले तीन युवकों ने रोहित के साथ मारपीट की थी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज किया था। अदालत से नोटिस आने के बाद विपक्षी लगातार मुकदमा वापस लेने की धमकी दे रहे थे। मुकदमा वापस न लेने पर हत्या कर दी गई। उधर, इंस्पेक्टर कैंट सुनील कुमार का कहना है कि युवक सड़क हादसे में जख्मी हुआ था, जिसे पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया था। सीसीटीवी की जांच कर सच्चाई का पता लगाया जाएगा।


