पिता-पुत्र पर धारदार हथियार से हमला; बेटे की मौत, लखीमपुर में दिनदहाड़े वारदात, गाली देने से मना करने पर विवाद
फूलवेहड़ (लखीमपुर):उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में दरवाजे पर खड़े होकर गाली देने से मना करने पर युवक ने पिता-पुत्र पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। खून से लथपथ हालत में दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां घायल पुत्र अमित कुमार की मौत हो गई।
क्षेत्र के उर्रा गांव में शराबी ने गाली गलौज करने से मना करने पर पड़ोसी युवक पर बांके से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पिता अपने बेटे को बचाने पहुंचा तो उस पर हमला कर लहुलूहान कर दिया। घायल युवक की इलाज के दौरान देर रात जिला अस्पताल में मौत हो गई। पिता की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
उर्रा गांव निवासी प्रमोद लोध शराब के नशे में गांव में सभी को गालियां देने लगा। यहां तक कि अपने परिवार वालों को भी गालियां दी। जागेश्वर का छोटा बेटे 19 वर्षीय अमित कुमार ने विरोध किया और गाली देने से मना किया तो उससे हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान उसने बांके से अमित पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया, जिससे वहां मौजूद लोगों में चीख पुकार मच गई। सिर पर बांके के कई वार से अमित चकरा कर वहीं गिर गया और शराबी प्रमोद फरार हो गया। जिला अस्पताल में देर रात करीब एक बजे उसकी मौत हो गई।


