नाबालिग से दुष्कर्म में तीन मजदूर गिरफ्तार
वड़ोदरा/अंबेडकरनगर : वडोदरा में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के आरोप में तीन मजदूरों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों को 1,100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण करने के बाद गिरफ्तार किया गया।
मुख्य आरोपित के साथ बाइक पर सवार होकर घटना स्थल पर आए दो अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपित मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। दस वर्ष पहले वडोदरा में बस गए थे। उनकी पहचान गोंडा के मुन्ना वंजारा और अंबेडकरनगर के मुमताज वंजारा और शाहरुख वंजारा के रूप में हुई है। पुलिस आयुक्त नरसिम्हा कुमार ने बताया कि आरोपित वड़ोदरा में निर्माण कार्य में लगे थे। शुक्रवार की रात गरबा में शामिल होने के लिए जब बड़ी संख्या में लोग पंडालों में जा रहे थे तो देर रात तीनों ने शहर के बाहरी इलाके में लड़की और पुरुष मित्र को रोक लिया।
इसके बाद लड़की के साथ दुष्कर्म किया। दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच लोग लड़की और दोस्त के पास पहुंचे थे। उनमें से दो मौके से भाग गए, जबकि तीन अन्य ने अपराध किया। अपराध शाखा ने बताया कि पुलिस ने मुन्ना को तंदलजा इलाके में घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस को मुमताज व शाहरुख का पता लगा। मुन्ना अपनी गर्भवती पत्नी के साथ वडोदरा के तंदलजा इलाके में रहता है। मुमताज और शाहरुख मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले के रहने वाले हैं और दोनों शादीशुदा हैं।


