किशोर को पीटकर जूता चटवाया, दो नाबालिग हिरासत में..
छतरपुरः मध्य प्रदेश में छतरपुर जिले के छत्रसाल नगर में दशहरे पर मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए विवाद के बाद एक किशोर के साथ मारपीट करने और उससे जूता चटवाने का मामला सामने आया है। आरोपित भी नाबालिग हैं। पुलिस ने आरोपित चार नाबालिगों में दो को पकड़ लिया है। घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहा है।
पुलिस के अनुसार 12 अक्टूबर को मूर्ति विसर्जन के बाद जब पीड़ित दोस्त के घर पर था, तभी आरोपित उसे घूमने जाने की बात कहकर उसे और उसके दोस्त को अपने साथ एक बंगला के पास ले गए। वहां उसके साथ मारपीट की। एक आरोपित ने उसके चेहरे पर जूते से मारा और जूते चटवाए। आरोपितों ने ही वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर अपलोड भी कर दिया। पीड़ित ने बताया कि मूर्ति विसर्जन के दौरान उसने और उसके दोस्त ने म्यूजिक सिस्टम पर अश्लील गाना रुकवाया था। इस दौरान वहां विवाद भी हो गया था। बाद में विवाद करने वाले लड़कों ने ही उसके साथ मारपीट की और जूते चटवाए।


