नौकरी व ठेका दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला फर्जी एडीआरएम गिरफ्तार
बलिया : रेलवे का एडीआरएम और सेक्शन इंजीनियर बताकर ठेका दिलाने और नौकरी लगवाने के नाम पर दारोगा समेत कई लोगों से ठगी करने के आरोपित बिहार के रोहतास निवासी राजीव रंजन मिश्रा को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। उसे शहर के पालीटेक्निक मैदान से कार समेत पकड़ा गया। आरोपित से उप्र और बिहार की अलग-अलग नंबर प्लेट, चार बैंकों के चेकबुक और रेलवे का फर्जी आइडी कार्ड बरामद हुआ है। बलिया कोतवाली में दर्ज मुकदमों में पुलिस उसके भाई की तलाश भी कर रही है।
वाराणसी के सिगरा थाने पर तैनात उपनिरीक्षक इंद्रकांत मिश्रा ने कोतवाली पुलिस में तहरीर दी थी कि तीन साल पहले वाराणसी के कैंट थाने पर तैनाती के दौरान राजीव रंजन उनसे मिला था। उसने खुद को रेलवे का सेक्शन इंजीनियर बताकर मेलजोल बढ़ाया और उनके ही घर में रहने भी लगा। अपने भाई आशुतोष मिश्रा को रेलवे का लोको पायलट बताते हुए आरोपित ने दारोगा से उनके बेटे की नौकरी के नाम पर 7.90 लाख रुपये ले लिए। दूसरा मामला प्रयागराज के सारंगपुर निवासी प्रभाकर तिवारी से जुड़ा है। उन्हें रेलवे में ठेका दिलाने का झांसा देकर 1.50 लाख रुपये ले लिए थे। प्रभाकर तिवारी से उसने खुद को मुगलसराय का एडीआरएम बताया था। दो मुकदमों की विवेचना के दौरान उप निरीक्षक मिथलेश कुमार के साथ पुलिस टीम ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया।


