150 सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद नजर आया मुकेश
प्रयागराज। सोरांव क्षेत्र में तीन अक्टूबर की रात आठ वर्षीया बालिका की दुष्कर्म के बाद नृशंस हत्या का राजफाश पुलिस के लिए बड़ी चुनौती रही। 150 सीसीटीवी की फुटेज खंगालने और 65 संदिग्धों से पूछताछ के बाद भी सफलता हाथ नहीं लगी। इधर तीन दिन पहले पुलिस ने एक और सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो इसमें बालिका एक व्यक्ति के साथ साइकिल पर बैठकर जाती नजर आई।
बस यहीं से पुलिस को क्लू मिल गया। पुलिस इसी फुटेज को लेकर पहले बालिका के घर पहुंची। उसके स्वजन को इसे दिखाते हुए साइकिल सवार के बारे में पूछा, बताया गया कि साइकिल सवार मुकेश कुमार है। वह खेती करने के साथ ही मजदूरी करता है। शराब का आदी है। मंगलवार रात करीब सवा दस बजे पुलिस उसके घर की तरफ बढ़ी, लेकिन इसी बीच जानकारी मिली कि मुकेश जूड़ापुर दांदूपुर हाईवे के पास शराब पी रहा है।
पुलिस टीम
पुलिस टीम जैसे ही उसके पास पहुंची, वह तेजी से उठा और तमंचे से फायरिंग करते अंधेरे का लाभ उठाते हुए भागा। पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की तो पुनः फायर किया। आत्मरक्षा के लिए पुलिस ने भी गोली चलाई, जिस पर उसके दाहिने पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर गया। उसने जुर्म कबूल कर लिया। बताया कि शराब के नशे में वह बालिका को पूजा पंडाल में छोड़ने की बात कहकर साइकिल पर बैठा लिया। कुछ दूर ले जाने के बाद साइकिल सड़क किनारे खड़ी की और बालिका का मुंह दवा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।


