पिटाई से घायल पत्नी को अस्पताल में बोला तीन तलाक
आगराः सदर के नैनाना जाट में 13 माह पूर्व पति ने विवाहिता की पिटाई कर चार बच्चों समेत घर से भगा दिया। मायका पक्ष ने एस एन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। पति वहां पहुंचा और मरणासन्न पत्नी को तीन बार तलाक बोलकर चला गया। इलाज के दौरान विवाहिता की मृत्यु हो गई। स्वजन के प्रार्थना पत्र पर सीजेएम अचल प्रताप सिंह की अदालत ने एत्माद्दौला पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।
अब्बास नगर, एत्माद्दौला की परवीन ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र प्रस्तुत कर बताया था कि उनकी बेटी खुसना का निकाह नौ वर्ष पहले नैनाना जाट के अनवर से हुआ था। शादी के बाद से ही अनवर शराब पीकर बेटी से मारपीट करता था। चार बच्चे होने पर भी बदलाव नहीं हुआ। 24 सितंबर 2023 को अनवर, ससुर सलीम, सास जमीला, जेठ अंसार, देवर दिलशाद, अकबर, ननद शबनम और शमा ने बेटी को डंडों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद बच्चों समेत निकाल दिया। स्वजन ने खुसना को एसएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। अनवर वहां आया और बेटी को तीन बार तलाक बोल कर चला गया। 13 नवंबर 2023 को बेटी का मृत्यु हो गई।


