छात्र की मृत्यु, राजाखेड़ा मार्ग पर लगाया जाम
शमसावादः ट्यूशन पढ़कर साइिकल से घर जा रहे छात्र को तेज गति से आए ट्रैक्टर ने चपेट में ले लिया। हादसे में छात्र की मौके पर ही मृत्यु हो गई। गुस्साए स्वजन व ग्रामीणों ने राजाखेड़ा मार्ग पर एक घंटे जाम लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
मरहमपुर के उदय सिंह का बेटा रोहित इंटरमीडिएट का छात्र था। स्वजन ने बताया कि सोमवार सुबह रोहित साइकिल से स्कूल गया था। वहां की छुट्टी के बाद ट्यूशन चला गया। दोपहर 12:30 बजे वह घर लौट रहा था।। राजाखेड़ा मार्ग पर तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे में रोहित की मृत्यु हो गई। इधर, चालक ट्रैक्टर लेकर भाग निकला। हादसे की सूचना पर पहुंचे स्वजन ने जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने दुर्घटना कर भागने वाले वाहन चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की तब पता चला कि हादसा ट्रैक्टर से हुआ है। एसीपी गिरीश कुमार और इंस्पेक्टर हंसराज भदौरिया ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। पिता उदय सिंह की पूर्व में ही मृत्यु हो चुकी है। वह छह बहन और तीन भाइयों में सबसे छोटा था।


