दुष्कर्म आरोपित सपा नेता मोईद के काम्प्लेक्स पर चला बुलडोजर
अयोध्या। नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपित सपा नेता मोईद खान के एक और अवैध निर्माण पर गुरुवार को बुलडोजर चला। पुलिस और प्रशासन से तालाब और सड़क की भूमि पर कब्जा कर बनाए गए काम्प्लेक्स को तोड़ दिया। प्रशासन ने कब्जा कर जमीनों पर बने उसके अवैध निर्माण को ध्वस्तीकरण के लिए चिह्नित किया था। कुछ दिन पूर्व मोईद खान की बेकरी तोड़ी गई थी।
सुबह 10 बजे से ही पीएसी और पुलिस की गाड़ियां भदरसा में मोईद खान के अवैध काम्प्लेक्स के पास पहुंचने लगी थीं। बड़ी संख्या में भीड़ भी एकत्रित हो गई। भीड़ के बीच मोईद के परिवार वाले भी शामिल थे, जो कार्रवाई को लेकर काफी परेशान दिख रहे थे। एक बजे मौके पर तीन जेसीबी व एक पोकलैंड मशीन भी पहुंच गई। अधिकारियों ने आधे घंटे तक काम्प्लेक्स के सभी कमरों का ताला तोड़वा कर परीक्षण किया। इसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
अवैध निर्माण के साथ मिट्टी में मिल गया मोईद का दबदबा
घटना के सामने आने से पहले तक मोईद खान की तूती बोलती थी। किसी भी प्रकरण में उसके खड़े हो जाने से पुलिस चौकी ही नहीं, थाने तक से शिकायतें वापस हो जाती थीं। नाबालिग से दुष्कर्म की एफआइआर दर्ज होने के बाद उस पर शिकंजा कस गया है। बुलडोजर चलने से अवैध निर्माण के साथ ही उसका दबदबा भी मिट्टी में मिल गया।
सपा नेता व नौकर राजू ने 16 वर्षीय किशोरी को नशीला बिस्किट खिलाकर सामूहिक दुष्कर्म किया था। वीडियो बनाने के बाद दुष्कर्म करते रहे। पीड़िता के गर्भवती होने पर मामला खुला तो 30 जुलाई को मुकदमा कराया। मोईद व राजू को गिरफ्तार करने के बाद पीड़िता का लखनऊ में छह को 12 सप्ताह के गर्भ का समापन करवाया गया था।


