'मेरे से मेरी पत्नी मर गई है;'पत्नी की हत्या कर थाने पहुंचा युवक
अलीगढ़ : रविवार रात साढ़े 11 बजे थाना क्वार्सी लगभग खाली था। पुलिस कर्मी ड्यूटी पर थे। मुंशी कार्यालय में ही चहल-पहल थी। एसएचओ विजयकांत शर्मा गाड़ी से उतकर कार्यालय की ओर जा ही रहे थे, तभी पीछे से आए एक युवक ने धीरे से कहा, साहब, 'मेरे से मेरी पत्नी मर गई है'।
वे वहीं ठहर गए। युवक घटना बताने लगा। बोला, मैंने अपनी पत्नी के मोबाइल फोन के मैसेज डिलीट कर दिए थे। इसे लेकर झगड़ा हो गया। नौबत हाथापाई तक आ गई। तभी अंगोछे से गला घोंट दिया। शव को बाथरूम में बंद कर दिया। फिर मकान का ताला लगाकर दिल्ली चला गया था। 24 घंटे बाद लौटे हत्यारोपित की इस कहानी से सभी हैरान रह गए। युवक को गिरफ्तार करने के बाद शव बरामद कराया। महिला के भाई ने दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत कराया है। छह माह से बाइक मिस्त्री मैराज अपनी पत्नी नगमा व तीन वर्ष की बेटी के साथ मोहल्ला रजा नगर में किराए के मकान में रह रहे थे। इसी मोहल्ले की थी।
मायका अधिक दूर नहीं। मैराज मूलरूप से हरदुआगंज के मोहल्ला सिद्ध का है। अगस्त 2020 में शादी हुई। दोनों के बीच विवाद कई बार हुआ। पुलिस के अनुसार पूछताछ में मैराज ने बताया कि वह शनिवार रात को घर आया। तभी उसका पत्नी से विवाद हो गया। इस दौरान नगमा की हत्या कर दी। मकान बंद कर वह रेलवे स्टेशन गया और ट्रेन से दिल्ली गया। यहां स्टेशन पर रुका। उसे लगा कि पुलिस कभी न कभी उसे पकड़ लेगी। इसके चलते रविवार देररात लौटकर आया। करीब 12 बजे उसने अपने साले वासिद को फोन करके थाना क्वार्सी में बुलाया। उसने आने से मना कर दिया। तब मैराज अकेला
ही थाने पहुंच गया। पुलिस उसे लेकर मकान पर पहुंची। पड़ोस में रहने वाले उसके साले को बुलाया गया। उनके सामने मकान का ताला खोलकर बाथरूम से नगमा का शव बरामद किया गया। 24 घंटे बीत जाने के चलते बदबू आ रही थी। चेहरा भी गल गया था। युवती के स्वजन का आरोप था कि चाकू से भी प्रहार किया गया। मगर, एसा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं पाया गया। गला घोंटकर मृत्यु होना पाया गया है। मायके वालों का आरोप था कि मैराज के किसी महिला से अवैध संबंध के भी आरोप थे। विरोध करने के चलते ही नगमा से विवाद होता था। लेकिन, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।
इंस्पेक्टर विजयकांत शर्मा ने बताया कि मैसेज डिलीट करने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों में हाथापाई तक हुई। इस दौरान गला घोंटकर नगमा की हत्या कर दी गई। सीओ तृतीय अमृत जैन ने बताया कि आपसी झगड़े में आरोपित ने अपनी पत्नी की हत्या की है। उसने अपना जुर्म कबूल किया है। गिरफ्तार कर लिया है।


