पोर्टल पर शिकायत की कहने पर दारोगा ने हवालात में डाला
यूपी आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के जगदीशपुरा के आवास विकास क्षेत्र में बड़े भाई का खोखा चलाने वाले से झगड़ा होने पर छोटे भाई को बीच में बोलना भारी पड़ गया। आरोप है कि दारोगा ने पहले चौकी में बैठाया और फिर थाने की हवालात में तीन घंटे बंद रखा। उसको परिवार के साथ तीर्थ यात्रा के लिए जाना था। कई बार गुहार लगाने पर भी दारोगा नहीं पसीजा। इसके कारण उनकी ट्रेन छूट गई और वो यात्रा पर नहीं जा सके।
आवास विकास कालोनी के रहने वाले रूप कुमार अधानी की लोहामंडी बाजार में इलेक्ट्रानिक सामान की मरम्मत की दुकान है। रूप कुमार ने बताया कि उन्हें रविवार रात परिवार के साथ तीर्थयात्रा पर जाना था। जाने से पहले रविवार को रात दस बजे के करीब बड़े भाई सुरेश से आशीर्वाद लेने के लिए सेक्टर एक स्थित बी.एस कांप्लेक्स गए थे। भाई की दुकान के बाहर खोखा लगाने वाले से भाई का विवाद हो गया था। भाई ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया। पुलिस दोनों को चौकी पर ले आई। वहां दारोगा ने खोखा हटवाने का काम पुलिस का न होने की बात कही। इस पर उन्होंने भतीजे से मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करने की बात कह दी।
गुस्सा आ गया। उन्हें (रूप कुमार को) चौकी पर बैठा लिया। उन्होंने अपनी यात्रा के बारे में बताकर जाने देने की गुहार लगाई। इस पर दारोगा ने थाने ले जाकर हवालात में बंद करा दिया। तीन घंटे बाद छोड़ा गया। इस कारण वो यात्रा पर नहीं जा सके। प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर ने बताया कि व्यापारी ने दारोगा से अभद्रता की थी। वो एकतरफा कार्रवाई का दबाव बना रहे थे। किसी ने उन्हें हवालात में नहीं बंद किया। वो खुद रुके रहे और बाद में दारोगा को धमकाने का प्रयास कर रहे थे। आरोप बेबुनियाद हैं।


