रामपुर में नारकोटिक्स की टीम का छापा, नशीली दवाओं का भंडार मिला
रामपुर : सेंट्रल ब्यूरो आफ नारकोटिक्स दिल्ली की टीम ने खंडेलवाल सर्जिकल एंड मेडिकोज के स्वामी नकुल जैन के घर व मेडिकल स्टोर पर छापामारी की है। शुक्रवार शाम से शुरू हुई कार्वाई 30 घंटे बीतने के बाद भी जारी है। बताया जाता है कि व्यवसायी के यहां नशीली दवाओं का भंडार मिला है। इनकी कीमत 15 लाख से अधिक आंकी जा रही है। कई दवाओं की बिक्री का लेखा-जोखा नहीं मिला है। लाइसेंस होने के बाद धांधली बरती जा रही है। टीम ने व्यवसायी का मोबाइल और लैपटाप सील कर दिया है।
सहायक आयुक्त औषधि मनु शंकर अग्रवाल ने बताया कि व्यवसायी पर दवा बेचने का लाइसेंस है, लेकिन मानकों के विपरीत नारकोटिक्स की दवा बेची जा रही थी। दवाओं की खरीद और बिक्री का ब्योरा उपलब्ध नहीं था। कई दवाएं बिना बिल के खरीदी गई हैं और बिना बिल के ही उन्हें आगे बेचा गया है। इनमें ट्रामाडोल, पेंटाजोशीन और केटामाइन के इंजेक्शन शामिल है। ये हैवी पेन किलर हैं। इनकी इतनी बड़ी मात्रा में रखा जाना दवा व्यापारी के प्रति संदेह पैदा करता है। माना जा रहा है कि इनका अवैध रूप से नशे के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।


