रोडवेज परिचालक पर लिपिक ने किया हमला, फोड़ा सिर
बस्ती। कोतवाली थानाक्षेत्र के रोडवेज परिसर में परिसर में परिचालक पर हमला कर उसका सिर फोड़े जाने का मामला सामने आया है। परिचालक रामसागर चौधरी निवासी घोड़ा रेहार उर्फ गायघाट रजया थाना वाल्टरगंज ने अपनी तहरीर में बताया कि वह पूर्व निर्धारित ड्यूटी के अनुसार वाहन संख्या यूपी 53 डीटी 8112 पर आने और डिपार्चर टाइम लेने दफ्तर में गया था।
बुकिंग लिपिक से जैसे ही उसने नमस्कार कर हाल-चाल पूछा वह आग-बबूला होकर गाली देने लगा। फिर जान से मारने की धमकी देकर वहां रखे ताले से सिर, नाक व शरीर में अन्य स्थानों पर हमला कर घायल कर दिया। कोतवाली पुलिस ने बुकिंग लिपिक अनवार अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। इस संबंध में पूछे जाने पर मामले की विवेचना कर रहे चौकी प्रभारी रोडवेज उमेशचन्द्र वर्मा ने बताया कि दर्ज मुकदमे के आधार पर मामले की
पड़ताल की जा रही है।
प्रथम दृष्टया लिपिक द्वारा परिचालक पर हमले की घटना पाई गई है। मौके पर लिपिक से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन वह अपनी ड्यूटी पर नहीं मिले, उनकी तलाश की जा रही है। वहीं दूसरी ओर इस घटना को लेकर रोडवेज परिचालकों में लिपिक के प्रति आक्रोश बना हुआ है। रोडवेज परिचालकों ने सख्त विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
लिपिक के आचरण की विभागीय जांच शुरू : एआरएम
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज आयुष भटनागर ने बताया बुकिंग लिपिक अनवार अहमद के खिलाफ परिचालक पर हमले की जानकारी मिली है। उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच कर रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। अन्य परिचालकों साथ अभद्र आचरण करने की शिकायतें पहले भी मिलती रहीं हैं।


