फुटहिया चौराहे पर कलश वंदन यात्रा का भव्य स्वागत, दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण कर किया अभिनंदन
बस्ती। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत निकाली जा रही कलश वंदन यात्रा का बस्ती जिले में भव्य स्वागत किया गया। संत रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से पावन माटी लेकर निकली यह यात्रा 29 जुलाई से 6 अगस्त तक आयोजित की जा रही है।
फुटहिया चौराहे पर यात्रा के पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा, दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण कर यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने सामाजिक समरसता, एकता और सद्भाव का संदेश देने वाले इस अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
जिला मीडिया प्रभारी अजय पाल सिंह ने बताया कि कलश वंदन यात्रा जिले के विभिन्न संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों, मंदिर समितियों, सामाजिक संगठनों, बूथों और संत रविदास मंदिरों तक पहुंचेगी। यात्रा के माध्यम से पूरे जिले में सामाजिक समरसता और एकता का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम में अंकुर वर्मा, दिलीप पांडे, ब्रह्मदेव यादव, अमृत कुमार वर्मा, अभिषेक कुमार, प्रेम प्रकाश चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, गौरव जायसवाल, सचिन सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

