मारपीट में घायल युवक की मौत के बाद परिजनों ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
बस्ती। दुबौलिया थाना क्षेत्र के विशेषरगंज बाजार निवासी एक परिवार ने मारपीट में घायल युवक की मौत के बाद पुलिस अधीक्षक बस्ती से न्याय की गुहार लगाई है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि करीब एक माह पहले हुए विवाद में कुछ लोगों ने युवक को घर से खींचकर बुरी तरह पीटा था, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। इलाज के दौरान 27 जुलाई की सुबह उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए बस्ती भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में सफीकुन्नीशा पुत्री मु. जमील, निवासी विशेषरगंज बाजार, थाना दुबौलिया ने आरोप लगाया कि करीब एक माह पहले सहजाद, इरशाद, करिया और प्रसाद पुत्रगण अलीसेर ने उनके भाई अनवर अली के साथ मारपीट की थी। इस दौरान अनवर अली के सिर में गंभीर चोट लगी थी। परिजनों के मुताबिक, उसका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैया में चल रहा था।
प्रार्थिनी का आरोप है कि घटना की सूचना पहले थाना दुबौलिया पुलिस को दी गई थी, लेकिन आरोपियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि मामले में प्रार्थी पक्ष का ही 151 के तहत चालान कर दिया गया। परिजनों का यह भी कहना है कि पुलिस की ओर से उस समय यह कहा गया था कि यदि अनवर अली को छह माह के भीतर कुछ होता है तो संबंधित आरोपी जिम्मेदार होंगे।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, 27 जुलाई की सुबह अनवर अली की मौत के बाद परिजनों ने इसकी सूचना दुबौलिया थाने पर दी, लेकिन उनका आरोप है कि अभी तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है। मृतक के परिवार का कहना है कि अनवर अली ही घर में कमाने वाला एकमात्र व्यक्ति था और परिवार में तीन बहनों की शादी भी अभी नहीं हुई है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। साथ ही परिवार को जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। इससे परिवार में भय का माहौल है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने, परिवार को सुरक्षा प्रदान करने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।

