साहब, एसडीएम के आदेश को भी नहीं मानते लेखपाल !
कानपुर, महाराजपुर : साहब, तहसील व थाना समाधान दिवस में न्याय की आस टूट रही है। एसडीएम के आदेश को भी कानूनगो और लेखपाल नहीं मान रहे हैं। जमीन का मुकदमा नर्वल तहसील में किया था। 18 अप्रैल 2023 को तहसील की कोर्ट से पैमाइश का आदेश भी कर दिया गया, लेकिन आज तक न जमीन की पैमाइश हुई और न ही कब्जा मिला। यह पीड़ा नर्वल तहसील समाधान दिवस पर सोमवार को साढ़ के शाह गांव निवासी कृष्ण कुमार ने मंडलायुक्त के विजयेंद्र पांडियन व एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार से की। एडीएम को शिकायती पत्र पर ही नर्वल एसडीएम को निर्देशित करना पड़ा कि मामले की जांच कर स्वआदेश का अनुपालन कराएं।
नर्वल तहसील समाधान दिवस में सोमवार को मंडलायुक्त के विजयेंद्र पांडियन, एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार व तहसीलदार विनीता पांडेय ने लोगों की शिकायतें सुनीं। सरसौल के नेवादा बौसर प्रधान समरजीत यादव ने बताया कि राजस्व ग्राम नर्वल में राजस्व निरीक्षक की मिलीभगत से फर्जी वरासत करा ली गई है। तहसीलदार नर्वल को जांच कर कार्रवाई व निस्तारण के निर्देश दिए गए। सरसौल ब्लाक के नरौरा ग्राम पंचायत के मजरा चंदनपुर निवासी प्रेम सिंह व शमशेर सिंह ने बताया कि दो साल पहले दैवीय आपदा में घर क्षतिग्रस्त हो गया था। सूची में नाम भी सरकारी आवास के लिए भेजा गया था लेकिन लाभ अभी तक नहीं मिला।
