डीसीपी कार्यालय पर महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास
आगराः पति की हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपितों के खुलेआम घूमने और धमकाने का आरोप लगाते हुए महिला ने पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। कलक्ट्रेट स्थित डीसीपी कार्यालय पर तैनात पुलिसकर्मियों ने महिला से पेट्रोल युक्त बोतल छीनकर उसे समझाया। महिला को कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
ट्रांस यमुना बी ब्लाक, कालिंदी विहार की रहने वाली 44 वर्षीय सलमा ने बताया कि आटो चालक पति इसरायल के साथ 22 अक्टूबर को रामबाग चौराहे पर 50 रुपये की अवैध वसूली के लिए पार्किंग ठेकेदार मोहन सिंह परिहार, उसके गुर्गे अंकित ठाकुर, मोहन वर्मा और सतीश ने मारपीट की थी। पुलिस को शिकायत पर एनसीआर की गई, मगर कार्रवाई नहीं हुई। 18 नवंबर को पति की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव लेकर थाने गए। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया। आरोपित रोजाना सलमा की धमकी दे रहे हैं। परेशान होकर यह कदम उठाना पड़ा। डीसीपी सिटी सुरज कुमार राय ने बताया कि महिला के पति की सेप्टिक फैलने से मृत्यु हई थी। मुकदमे में धाराएं बढ़ाई गई हैं। आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
मेडिकल रिपोर्ट के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं
महिला के आत्मदाह के प्रयास के बाद डीसीपी सिटी कार्यालय पर कालिंदी विहार के सतेंद्र कुमार शिकायत लेकर पहुंचे। ठेकेदार और उसके साथियों द्वारा मारपीट करने के दौरान प्राइवेट पार्ट पर लात मारने का आरोप लगाया। पुलिस पर मेडिकल रिपोर्ट के बाद भी मुकदमा दर्ज न करने का आरोप लगाया। मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
कई चालकों ने वसूली की पुष्टि की थी
मृतक के पुत्र इमरान ने बताया कि पिता पर आरोपितों ने पार्किंग के नाम पर 50 रुपये वसूलने के लिए मारपीट की थी। पुलिस ने जांच की तो मौके पर कई चालकों ने वसूली की पुष्टि की थी। पुलिस ने आरोप लगाने वालों के वीडियो बयान लिए पर कार्रवाई नहीं की। आरोपित अभी भी लागों से वसूली कर रहे हैं पर कई मुकदमा होने पर भी पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है।


