प्रचार मैदान में आठ से उतरेंगे योगी, पश्चिम उप्र से शुरुआत
लखनऊ : प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में प्रचार अभियान को तेज करने के लिए अंतिम एक सप्ताह में भाजपा ने पूरी ताकत झोंकने की तैयारी कर ली है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश से उपचुनाव का प्रचार शुरू करेंगे। सभी नौ सीटों पर आठ, नौ व 11 नवंबर को मुख्यमंत्री की जनसभाएं रखी गई हैं। योगी एक दिन में तीन सीटों पर जनसभाएं कर चुनाव प्रचार को घार देंगे। साथ ही दोनों उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक की दो-दो जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। आठ को गाजियाबाद कुंदरकी व मीरापुर में योगी की जनसभाएं प्रस्तावित की गई हैं। नौ को सीसामऊ, करहल व खैर तथा ग्यारह को कटेहरी, फूलपुर व मझवां में रखीं गई हैं।
फूलपुर, कटेहरी, कुंदरकी, गाजियाबाद, खैर, करहल, सीसामऊ व मझवां तथा मीरापुर सीटों के लिए 13 नवंबर को मतदान होगा। 'बटेंगे तो कटेंगे' के नारे में विपक्ष को उलझाने के बाद भाजपा ने उपचुनाव वाली विधानसभा सीटों पर सोमवार से प्रभारी मंत्रियों को प्रवास के लिए कहा है। पार्टी ने संगठन के पदाधिकारियों की भी तैनाती सभी सीटों पर कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सभी सीटों पर प्रचार करेंगे। फूलपुर में मंत्री राकेश सचान व दयाशंकर सिंह प्रवास करेंगे, तो कटेहरी में स्वतंत्रदेव सिंह। इसके अलावा संजय निषाद तथा दयाशंकर मिश्र भी संपर्क व प्रचार अभियान की गति बढ़ाएंगे। कुंदरकी में जेपीएस राठौर प्रवास करेंगे, वहीं जसवंत सैनी व गुलाब देवी प्रचार की कमान संभालेंगे।
सिंह व कपिल देव अग्रवाल प्रचार की गति बढ़ाएंगे। खैर में मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी प्रवास करेंगे। करहल में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह प्रवास करेंगे, साथ में योगेन्द्र उपाध्याय व अजीत पाल इस सीट पर संगठन के पदाधिकारियों के साथ संपर्क अभियान को तेज करेंगे। सीसामऊ में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना व नितिन अग्रवाल को प्रवास के लिए बोला गया है। इस सीट के मुस्लिम मतदाताओं के साथ संपर्क के लिए अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों की भी तैनाती की गई है।
मझवां में मंत्री अनिल राजभर प्रवास करेंगे। आशीष पटेल, रविंद्र जायसवाल तथा रामकेश निषाद प्रचार अभियान को आगे बढ़ाएंगे। इसी प्रकार मीरापुर में मंत्री अनिल कुमार प्रवास करेंगे। सोमेंद्र तोमर, केपी मलिक व कपिल देव अग्रवाल इस सीट पर प्रचार अभियान को आगे बढ़ाएंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने बताया कि उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री की जनसभाओं का कार्यक्रम तय कर दिया गया है। साथ ही सभी प्रभारी मंत्रियों को प्रवास के लिए बोला गया है।


