सड़क हादसे में युवक की मौत, दिवाली पर परिवार की छीनी खुशियां
लालगंज, प्रतापगढ़ : कस्बा में पिता के साथ रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे प्रयागराज के युवक की बाइक की टक्कर से मौत हो गई। दुर्घटना में उसके साथ बाइक पर पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दिवाली के दिन हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
प्रयागराज लाल गोपालगंज निवासी अजय पुष्पाकर लालगंज कस्बा में किराए पर चाय समोसा की दुकान चलाता है। उसका पुत्र 22 वर्षीय राज पुष्पाकर यहां पिता के साथ रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह गुरुवार सुबह अपने ननिहाल सांगीपुर तारापुर गांव से मामा की बाइक लेकर गांव के 19 वर्षीय ननके ओझा के साथ लालगंज लौट रहा था। महिमापुर के पास करीब 11:30 बजे अज्ञात बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरा बाइक सवार मौके से भाग निकला।
घायलों को ट्रामा सेंटर भेजवाया
आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को ट्रामा सेंटर भेजवाया। यहां चिकित्सकों ने राज पुष्पाकर को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल ननके ओझा को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी होने पर स्वजन अस्पताल पहुंचे। वहां राज का शव देख लोग बदहवास हो गए। परिवार के लोग गमगीन हैं। कोतवाल नीरज यादव का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर जाएगी।


