मिठाई विक्रेता को निर्वस्त्र कर बनाया वीडियो, 1.80 लाख रुपये वसूले
फतेहपुर : मिठाई विक्रेता को तीन युवकों ने तमंचा दिखाकर रास्ते से अगवा कर लिया और उसे निर्वस्त्र कर वीडियो बना लिया। इंटरनेट मीडिया में वीडियो प्रचलित करने और जान से मारने की धमकी देकर मिठाई विक्रेता से 1.80 लाख रुपये वसूल लिए। परेशान दुकानदार ने व्यापारियों के साथ थाने जाकर तहरीर दी। पुलिस ने ब्लैकमेलिंग कर रंगदारी वसूलने का मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित दुकानदार ने बताया कि चार नवंबर की रात साढ़े 10 बजे दुकान बंद करके घर जा रहा था। रास्ते में कानपुर के गुजैनी निवासी कार्तिकेय यादव मिला और मोबाइल फोन छीन लिया। मोबाइल फोन वापस मांगने पर अपना बाजार तक बुलाया।
अपना बाजार पहुंचने पर कार्तिकेय ने तमंचा दिखाते हुए बाइक पर बैठाकर धाता कस्बा स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस ले गया। वहां पर तमंचा के बल पर कपड़े उतरवा कर मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया। इसी बीच कार्तिकेय के दो दोस्त कौशांबी जिले के मोहब्बतपुर पइंसा के उदहिन खुर्द निवासी रितिक सिंह और धाता क्षेत्र के डेंडासाई निवासी अमर सिंह आ गए।


