लुधियाना के लक्की ने मुजफ्फरनगर के बादल को दिखाया आसमान
बस्ती। नगर पंचायत कप्तानगंज के दो दिवसीय विराट कुश्ती दंगल में रविवार को 64 पहलवानों ने अपना दमखम दिखाया। लुधियाना के लक्की पहलवान ने मुजफ्फरनगर के बादल को आसमान दिखाया तो कलियर शरीफ फैजल गनी पहलवान ने हरिद्वार के राजेश को पटखनी दी। देवरिया के मोहित और बरेली के काली पहलवान में जमकर मुकाबला हुआ, जिसमें काली विजेता बने। राजस्थान के मनजीत ने दिल्ली के अशोक को पराजित किया।
मुजफ्फरनगर के बादल ने कलियर शरीफ के पहलवान फकीर बाबा को कड़ी टक्कर दी। फकीर बाबा ने दाव मार प्रतिद्वंदी पहलवान को चित कर दिया। गाजीपुर के सोनू ने पंजाब के मनोज को हराया तो अयोध्या के नागेंद्र दास ने गंगानगर के रोहित को धूल चटाई। जम्मू के नदीम ने मुजफ्फरनगर के टोनी को बरेली के सुरेंद्र ने कुरुक्षेत्र के सोनू को, नेपाल के शंकर थापा ने हरियाणा के राजवीर को, मथुरा के गब्बर ने हरियाणा के मोनू को, हरियाणा के बग्गा ने पंजाब के बलवान को, कलियर शरीफ के
बाबा फकीर ने बरेली के काली को, राजस्थान के मनजीत ने हरियाणा के बग्गा को और कलियर शरीफ के फैजल गनी ने राजस्थान के मोनू को हराया। लुधियाना के लकी और मथुरा के गब्बर की कुश्ती बराबरी पर छूटी। अयोध्या के नागेंद्र दास ने राजस्थान के मनजीत को तथा पंजाब के बलवान ने दिल्ली के अशोक को धूल चटाई। वहीं कलियर शरीफ के फैजल गनी ने तेज तर्रार नेपाल के पहलवान शंकर थापा को पराजित किया।
अंत में अयोध्या के नागेंद्र दास और कलियर शरीफ के फकीर बाबा की जबरदस्त कुश्ती हुई और यह फ्री स्टाइल कुश्ती देर तक चलती रही। दोनों पहलवानों ने अपने-अपने दांव पेच से एक दूसरे को चित करने के लिए पूरा जोर लगाया लेकिन कुश्ती बराबर पर छूटी।
कार्यक्रम के अध्यक्ष धनपत सिंह ने सभी पहलवानों का आभार व्यक्त करते हुए पुरस्कृत किया साथ ही अगले सत्र में कुश्ती समारोह के लिए आमंत्रित भी किया। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चौधरी, गौरवमणि त्रिपाठी, अरविंद मिश्रा आदि मौजूद रहे।


