पत्नी से छेड़छाड़ का विरोध किया तो पति पर छुरी से हमला, घायल
मेरठ : छेड़छाड़ की घटनाएं शहर में रुक नहीं रही है। विरोध पर पीड़िता व उसके स्वजन पर हमला किया जा रहा है। बुधवार सुबह एक युवक पर मलियाना शुगर मिल के ग्राउंड में छूरी से जानलेवा हमला किया गया। युवक का कसूर इतना था कि उसने मंगलवार रात पत्नी से छेड़छाड़ का विरोध किया था। आरोपित के हमले में युवक का हाथ बुरी तरह कट गया है। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपित फरार हो गया है। थाने पर आरोपित के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
टीपीनगर की एक कालोनी निवासी युवक की शादी चार माह पूर्व हुई थी। मंगलवार रात वह पत्नी संग मलियाना में लगने वाले भराई मेले में गया था। वापस लौटते समय गुसाई वाली गली में अनुज ने युवक की पत्नी से छेड़छाड़ कर दी। युवक ने विरोध किया तो आरोपित मारपीट पर उतारू हो गया। आसपास के लोगों ने समझाकर दंपती को घर भेज दिया।
बुधवार सुबह युवक मलियाना शुगर मिल के मैदान में घूमने गया था। यहां पहले से मौजूद अनुज ने उसे रोक लिया और छूरी से हमला किया। आरोप है कि आरोपित ने गर्दन पर छूरी से वार किया लेकिन युवक ने हाथ आगे कर दिया। इससे उसका हाथ बुरी तरह कट गया। शोर मचाने पर आसपास के लोगों के आने पर अनुज फरार हो गया। हमले की सूचना पर पहुंचे स्वजन ने डायल- 112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसके हाथ में 29 टांके आए है। आपातकालीन विभाग में उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल युवक के भाई ने थाना टीपीनगर पर अनुज के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपित की तलाश में दबिश दी पर वह फरार हो गया।


