वीडियो काल से रैगिंग व धमकाने में केजीएमयू के नौ छात्र निलंबित
लखनऊ: किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में जूनियरों को धमकाने तथा वीडियो काल से रैगिंग करने वाले नौ छात्रों को तीन माह के लिए निलंबित कर दिया गया है। उन्हें हास्टल से भी निष्कासित कर दिया गया है। पिछले सप्ताह इंडक्शन कार्यक्रम के बाद एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र-छत्राएं हास्टल जा रहे थे, तभी एमबीबीएस 2023 बैच के छात्र मोटर साइकिल से पहुंचे और अभद्रता करने लगे। आरोप है कि सीनियरों ने गाली-गलौज करने के साथ ही जूनियर छात्रों को धमकाया। इसी दौरान वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने दो छात्रों को पकड़ लिया और मोटर साइकिल की चाबी छीन ली। जानकारी पर प्रवक्ता डा. सुधीर सिंह पहुंच गए। सभी आरोपित छात्रों को प्राक्टर के आफिस भेजा गया। चीफ प्राक्टर डा. क्षितिज श्रीवास्तव ने जांच कराई।
जांच में जूनियर छात्रों ने वीडियो काल से रैगिंग की शिकायत की। आरोप था कि सीनियर छात्र रात में वीडियो काल कर रैगिंग करते हैं। वहीं, प्राक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने सीनियर छात्रों के मोबाइल जब्त कर लिए और जांच कराई, जिसमें नौ छात्रों के फोन से जूनियर को वीडियो काल करने की पुष्टि हुई। केजीएमयू के प्रवक्ता डा. सुधीर सिंह ने कहा कि वर्ष 2023 बैच के आठ एमबीबीएस व एक बीडीएस छात्र के खिलाफ रैगिंग की पुष्टि हुई है।


