विद्यार्थियों के विवरण ऑनलाइन करेगा यूपी बोर्ड
प्रयागराज: विद्यार्थियों के नाम, पिता के नाम, विषय आदि में त्रुटि की अधिक संख्या को देखते हुए यूपी बोर्ड कक्षा नौ और 11 में पंजीकृत छात्र- छात्राओं के विवरण पहली बार उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर आनलाइन करने की तैयारी में है। इससे विद्यार्थी कहीं से भी अपना विवरण आनलाइन देख सकेंगे और कोई त्रुटि होने पर विद्यालयों के माध्यम से ठीक करा सकेंगे। अभी विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को उनके विवरण दिखाने की व्यवस्था है, लेकिन सभी विद्यार्थियों को उनके विवरण न दिखाए जाने से त्रुटियां रह जाती हैं, जिसे सुधरवाने के लिए उन्हें बोर्ड क्षेत्रीय कार्यालय तक भटकना पड़ता है। नई व्यवस्था से त्रुटियां नगण्य रह जाएंगी।
कक्षा नौ और 11 में कुल 54,31,685 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण हुआ है। पंजीकरण के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों व उनके पिता के नाम की स्पेलिंग में त्रुटि हो जाती है। इसके अलावा विषय और उनके जेंडर में भी त्रुटि हो जाती है। नियमानुसार विद्यार्थियों के अभिलेख से उनके विवरण का मिलान विद्यालयों द्वारा करने की व्यवस्था है, लेकिन यह कार्य पूरी सजगता से नहीं किए जाने के कारण प्रतिवर्ष नाम व अन्य विवरण में त्रुटि रह जाती है। ऐसे में यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने सभी विद्यार्थियों के पूरे विवरण के साथ सूची आनलाइन करने की दिशा में प्रयास शुरू कर दिए हैं। विवरण आनलाइन किए जाने से सभी विद्यार्थी उसे स्वयं देख सकेंगे और विद्यालय को अवगत करा सकेंगे। इसके बाद एक निश्चित समय के लिए पोर्टल खोलकर त्रुटि सुधारने का अवसर विद्यालयों को दिया जाएगा। चूंकि सभी विद्यार्थियों को इसका लिंक नहीं दिया सकता, इसलिए संशोधन विद्यालय के माध्यम से ही कराए जाएंगे।
कक्षा नौ और 11 में त्रुटि रहने से वह बोर्ड परीक्षा के दौरान भी रह जाती है। इसके बाद अंकपत्र में संशोधन के लिए विद्यार्थियों को कोषागार में शुल्क जमा करने, शपथपत्र बनवाने, विद्यालय से अग्रसारित कराने एवं टीसी संलग्न करने की जटिल प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। सचिव का मानना है कि जब कक्षा नौ और 11 में ही विद्यार्थी अपने अभिलेख में त्रुटि देख सकेंगे तो वह अतिरिक्त प्रयास करके समय रहते विद्यालय के माध्यम से ठीक भी कराएंगे।


