नशे की तड़प; शराब के लिए पैसे न देने से पर कर दी मां की हत्या
सीतापुर। नशे की तड़प इस कदर हावी हो गई कि मां का कत्ल करने में भी उसके हाथ नहीं कांपे। गुरुवार की रात लहरपुर के भदफर गांव में एक नशेड़ी बेटे ने शराब खरीदने के लिए मां से पैसे मांगे। इन्कार करने पर उसने लाठी- डंडों से पीटकर मां को मरणासन्न कर दिया। आसपास के लोग महिला को लखीमपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नकहा लेकर पहुंचे, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
मूला देवी गुरुवार की देर शाम घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान उनका बेटा दिवाकर आया और उनसे शराब खरीदने के लिए पैसे मांगने लगा। मूला ने पैसे देने से मना कर दिया। इससे नाराज होकर दिवाकर ने मूला को डंडे से पीट- पीटकर घायल कर दिया। शोरगुल सुनकर पड़ोसी दौड़े और मूला को बचाया। सूचना पर पुलिसकर्मी भी पहुंच गए। घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। भदफर पुलिस चौकी प्रभारी लाल बहादुर मिश्र ने बताया कि हत्यारोपित दिवाकर अपनी मां का इकलौता पुत्र है, जो कि शराब पीने का आदी है। उसके पिता की मौत हो चुकी है। दिवाकर का विवाह हो चुका है। दिवाकर शराब पीकर मां और पत्नी को पीटता था। इससे परेशान होकर पत्नी बच्चों समेत अपने मायके चली गई है।


