पीसीएस-प्री के आयोजन से साफ होगी आरओ/एआरओ परीक्षा की तस्वीर
प्रयागराज : उत्तर प्रदेश परीक्षा अध्यादेश में केंद्र निर्धारण के कड़े मानकों के कारण परीक्षा केंद्रों की कमी से जूझ रहा उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) पीसीएस-2024 प्रारंभिक परीक्षा के आयोजन की तैयारी में जुटा है। उसकी प्राथमिकता परीक्षा का सफल आयोजन सुनिश्चित करना है, ताकि 22 दिसंबर को प्रस्तावित समीक्षा अधिकारी (आरओ) और सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) परीक्षा की योजना को आगे बढ़ाया जा सके। आयोग के कैलेंडर में पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 27 अक्टूबर को प्रस्तावित है, लेकिन केंद्र निर्धारण के नए मानकों और परीक्षार्थियों की संख्या के अनुपात में केंद्रों की कमी के कारण आयोग 26 और 27 अक्टूबर को परीक्षा आयोजित करने का विकल्प लेकर चल रहा है।
आयोग के सामने पीसीएस- प्रारंभिक परीक्षा कराना बड़ी चुनौती है। इसके लिए 5.76 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा होने में 18 दिन शेष हैं और जल्द ही आयोग को इसके प्रवेशपत्र जारी करने हैं। समस्या यह है कि अभी तक तय आयोग ने परीक्षा दिवसों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की और अभ्यर्थी परेशान हैं। आयोग सूत्रों का कहना है कि पीसीएस परीक्षा के सफल आयोजन के अनुभवों के आधार पर ही आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षा के आयोजन की तस्वीर सामने आएगी, क्योंकि इसमें पीसीएस से दोगुणे यानी करीब 10.70 लाख अभ्यर्थी हैं और यह परीक्षा एक बार पेपर लीक के चलते रद हो चुकी है।


