नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत 294 मिनी डेरी इकाइयां होंगी स्थापित
लखनऊ : दुग्ध किसानों को गन्ने की ब्रीडर सीड आवंटित उत्पादन बढ़ाने के साथ गौ पालकों को सशक्त बनाने के लिए हाल ही में लांच की गई नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत प्रदेश में 294 आधुनिक मिनी डेरी इकाइयों की स्थापना की जाएगी। 10 गायों की क्षमता वाली हाइटेक डेरी की इकाई की लागत 23.60 लाख रुपये होगी, जिस पर 50 प्रतिशत का अनुदान दिया जाएगा। इस योजना पर सरकार 17.30 करोड़ रुपये व्यय करेगी।
नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत केवल गिर, थारपारकर और साहीवाल जैसी उच्च गुणवत्ता वाली स्वदेशी नस्ल की गायें ही खरीदी जाएंगी। योजना के तहत कैटल शेड और अन्य आधारभूत संरचना का निर्माण आधुनिक तकनीक से किया जाएगा। इन संरचनाओं में पीयूएफ पैनल का उपयोग किया जाएगा, जिससे मौसम के प्रतिकूल प्रभाव का असर पशुओं पर न हो। इसके अलावा, गौ पालकों को आधुनिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे वे नए संसाधनों का उपयोग कर अपने पशुओं की देखभाल और प्रबंधन कर सकें। गौ पालन में तीन वर्ष का अनुभव रखने वाले किसानों का चयन ही इस योजना के तहत किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख उत्पादक राज्यों में से एक है, लेकिन प्रति पशु दुग्ध उत्पादन की दृष्टि से यूपी राष्ट्रीय औसत से पीछे है। राज्य में वर्तमान में प्रति गाय औसतन 3.78 लीटर दूध का उत्पादन होता है।


