संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, फंदे पर लटका मिला शव- कान से ...
बस्ती। जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के जिभियांव (jibhiyanv) गांव में सोमवार की रात 25 वर्षीय युवक का शव पंखे में रस्सी के फंदे से लटका मिला।
जिभियांव गांव निवासी राजकुमार गौतम पुत्र रामदत्त सोमवार की रात जिभियांव चौराहे से घर पहुंचे। स्वजन बर्थडे पार्टी में पड़ोसी के घर चले गए थे। राजकुमार की मां घर वापस आईं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। उन्होंने आस-पास के लोगों को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने दरवाजा तोड़ा तो कमरे में पंखे के सहारे राजकुमार का शव रस्सी के सहारे लटका मिला। स्वजन रोने बिलखने लगे।
चौकी इंचार्ज कुदरहा रामअशोक यादव व थानाध्यक्ष लालगंज सुनील गौड़ पहुंचे और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली। फोरेंसिक टीम के प्रभारी मंजीत ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य संकलित किए। स्वजन के अनुसार राजकुमार दो दिन पहले दिल्ली से घर आया था। वहां प्लंबर का काम कर परिवार का भरण पोषण करता था। घटना के सामय राजकुमार की पत्नी रूपाली अपनी एक वर्षीय बेटी मीनाक्षी के साथ मायके में थी।
कुछ लोगों द्वारा राजकुमार से मारपीट की भी चर्चाः राजकुमार शाम को जिभियांव चौराहे पर गया था। वहां कुछ लोग पहुंचे और विवाद हो गया। चर्चा है कि उन लोगों ने राजकुमार की पिटाई कर दी। चौराहे पर लोगों का कहना है कि शराब पीने के बाद लोग मारपीट किए थे। किसी तरह लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया था। चौकी प्रभारी ने बताया कि राजकुमार के साथ मारपीट की घटना के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।
जिभियांव चौराहे पर शराबियों का जमावड़ा
शाम होते ही जिभियांव चौराहे पर शराबियों का जमावड़ा लग जाता है। आए दिन मारपीट की घटनाएं होती हैं। इतना ही नहीं कुदरहा-लालगंज मार्ग पर लोग गाड़ी खड़ी कर शराब पीने चले जाते हैं। घंटो जाम लग जाता है। लोगो ने बताया कि बगल में प्राथमिक विद्यालय है। दिन में ही लोग शराब पी कर जमीन पर पड़े रहते है। प्रधानाध्यापक व ग्रामीण कई बार शिकायत किए, लेकिन समस्या अभी भी बनी हुई है।


