बस्ती में सीमेंट दिलाने के नाम पर 11.28 लाख की ठगी, साइबर ठगों ने
बस्ती। अपने आप को अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी का अधिकारी बताकर चार हजार बोरी सीमेंट दिलाने के नाम पर 11.28 लाख की आनलाइन धोखाधड़ी की घटना सामने आई है। साइबर ठगों ने कारोबारी से अपने अलग-अलग बैंक खातों में कई बार में कुल 11,28,000 रुपये जमा करा लिए। साइबर थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू दी है।
मामला रुधौली थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया गया है। कड़ही गांव निवासी अमरेन्द्र कुमार पुत्र चन्द्रभान ने साइबर थाने को तहरीर देकर बताया कि उनके मोबाइल पर फोन कर बताया गया कि वह अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी में अधिकारी हैं। उनको बहुत ही सस्ते दर पर सीमेंट उपलब्ध करा देंगे। उसकी बातों के झांसे में आकर के कारोबारी ने 18 सितंबर से लेकर 16 अक्टूबर के बीच अलग-अलग खातों में 11,28,000 रुपये भेज दिए। जब उन्हें चार हजार बोरी सीमेंट नहीं मिली, तब उन्हें पता चला कि वह सीमेंट की खरीदारी के नाम पर ठगी के शिकार हो गए।


