ट्रेलर पलटा, मजदूर की मौत और छह घायल
Ambatkernagar। मालीपुर कोयले से लदा अनियंत्रित ट्रेलर सब्जी की कई दुकानों पर पलट गया। ट्रेलर पर लदे कोयला के नीचे जलालपुर के रुकुनपुर के एक मजदूर राजाराम की - मौत हो गई। चालक व ट्रेलर में सवार समेत स्थानीय छह लोग घायल हुए हैं। ठेले, बाइक, गुमटी और सब्जियां क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रेलर पलटते ही अफरातफरी मच गई।
पुलिस ने घायलों को नगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ट्रेलर में सवार बस्ती जिले में सोनहाभानपुर के जैसवार गांव के सुनील, सिद्धार्थनगर के बांसी कोतवाली के दुबौलिया गांव के शिवम के अलावा मालीपुर थाना के रुधौली अदाई गांव के अशोक को भर्ती कराया है। वहीं जिला अस्पताल में सुरहरपुर बाजार के रामानंद मौर्य, रुधौली अदाई गांव के सरवन मौर्य को भर्ती कराया गया है।
रुधौली अदाई गांव के रहने वाले दिनेश मौर्य का आंशिक रूप से घायल होने पर स्थानीय निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। जेसीबी मशीनों से ट्रेलर और कोयला हटा घायलों को बाहर निकाला गया। हादसा रविवार की देरशाम मालीपुर थाना के सुरहूरपुर तिराहे पर हुआ। ट्रेलर शाहगंज की तरफ से मालीपुर की तरफ आ रहा था। हादसे में कई लोगों के दब जाने की खबर फैलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मदद को पहुंच गए। सीओ अजेय कुमार शर्मा, उपजिलाधिकारी पवन जायसवाल, तहसीलदार पदमेश श्रीवास्तव आदि घटना स्थल पहुंच गए।
पुलिस अधीक्षक डा. कौस्तुभ, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम देव भी घटना स्थल पहुंचे। डीएम अविनाश सिंह तथा एडीएम ने जिला अस्पताल में घायलों का हाल-चाल लिया तथा चिकित्सकों को त्वरित इलाज के लिए निर्देशित किया। हादसे में बिजली के कई खंभे टूटने से कई 19 गांवों समेत बाजार की बिजली गुल हो गई।


