कार की टक्कर से दो युवतियों की मौत
अंबेडकर नगर। राष्ट्रीय राजमार्ग टांडा बांदा पर सरहरी गांव के निकट कार की टक्कर से एक ही गांव की दो युवतियों की मौत हो गई, इससे गांव में मातम छाया। कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया। अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
सरहरी गांव की दो युवती माधुरी और अंशिका सोमवार की देर शाम नित्यक्रिया के लिए निकलीं थीं। लौटते समय घर के निकट पहुंची थी कि टांडा बांदा हाईवे पर अकबरपुर की तरफ से जा रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क के किनारे गहरे गड्ढे में चली गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए चालक वाहन लेकर भाग गया। ग्रामीण इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गाए जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्वजन में कोहराम मचा है। गांव तथा आसपास के लोग घटना से सहमे हुए हैं। दोनों युवतियों के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया
थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर वहां सीसी कैमरों के माध्यम से शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
अप्रैल में तय थी माधुरी की शादीः माधुरी की स्नातक तथा परास्नातक की पढ़ाई पूरी होने के बाद पिता रामखेलावन बेटी के हाथ पीले करने की तैयारी कर रहे थे। पड़ोसी जनपद अयोध्या में बेटी की शादी के लिए रिश्ता भी तय किया था। आगामी अप्रैल माह में बेटी की डोली उठनी थी, लेकिन ईश्वर को यह मंजूर नहीं था। अंशिका अपने पिता की इकलौती बेटी थी। पिता इंद्रजीत ने बताया कि अंशिका पढ़ाई में अच्छी थीं। अंशिका डाक्टर बनने की सपना देख रहीं थीं, लेकिन हादसे में परिवार की उम्मीदें टूट गई।
मुख्य चौक का सीसी कैमरा खराब
लूट, हत्या, चोरी तथा दुर्घटना करके भागने वाले वाहनों का पता लगाने के लिए पुलिस ने आनंदनगर, महरुआ बाजार तथा जनपद की सीमा पर निगरानी के लिए सीसी कैमरा लगाए थे, लेकिन सभी कैमरे एक माह से बंद हैं। आए दिन घटना को अंजाम देने के बाद चोर उचक्के आसानी से फरार हो जाते हैं और पुलिस बाद में लकीर पीटती रहती है। पुलिस ऐसे अपराधियों की शिनाख्त के लिए व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर लगे सीसी कैमरों का सहारा लेती है। इस हादसे में भी पुलिस अब प्रतिष्ठानों पर लगे सीसी कैमरों को खंगाल रही है।


