शादी कर लो नहीं तो वीडियो वायरल कर दूंगा
अंबेडकरनगर। युवती को आनलाइन फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी के बाद पुलिस ने मध्य प्रदेश के युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। निरीक्षक बीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
अकबरपुर के एक गांव की युवती से मध्य प्रदेश के रायसेन जिला के बकतरा गांव का भगवानदास काफी दिन से इंटरनेट मीडिया एवं अलग-अलग मोबाइल नंबरों से बात करता था। युवती को झांसे में लेकर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर धमकी देने लगा।
उसने कहा कि शादी कर लो या बराबर मोबाइल फोन से बात करो नहीं तो अश्लील फोटो व वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दूंगा। डरी सहमी युवती ने माता- पिता व भाई को जानकारी दी। भाई व पिता ने मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो गाली देते हुए जान से मरवाने की धमकी दी। युवती ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।


