शौच के लिए घर से निकलीं बुआ व भतीजी का तालाब में पड़ा मिला शव
गोंडा। शौच के लिए घर से निकली बुआ-भतीजी का शव भवनियापुर उपाध्याय पंचायत के छिछुली गांव स्थित कोटिया तालाब में उत्तराता मिला है। मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही थी। सीओ शिल्पा वर्मा ने पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर ग्रामीणों से जानकारी हासिल की।
गांव निवासी राजकुमार गौतम ने बताया कि उसकी बेटी पम्मी व उनके चाचा खुनखुन गौतम की बेटी पूनम शनिवार दोपहर घर से पानी का डिब्बा लेकर शौच लिए गई थी। शाम तक दोनों वापस नहीं लौटीं। किसी अनहोनी की आंशका होने पर गन्ने के खेतों व बगीचों में खोजबीन की। लेकिन दोनों का कहीं पता नहीं चल सका। शाम को पुलिस में सूचना दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके ग्रामीणों से जानकारी हासिल की। रविवार की सुबह ग्रामीण शौच के लिए गए तो दोनों का शव तालाब में उतराता दिखा। एक जोड़ी चप्पल तालाब के तट पर पड़ा था। खुनखुन गौतम घर पर रहकर मजदूरी करते हैं। वहीं राजकुमार गौतम भी मजदूरी करते हैं। उनके तीन बेटी व एक बेटा है। पूनम की मां शांती देवी व पम्मी की मां प्रेमावती का रो-रोकर हाल बेहाल है।
प्रभारी निरीक्षक दुर्ग विजय सिंह ने कहा कि दोनों शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चल सकेगा। अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों बेटियां सींक निकालने के दौरान तालाब के गहरे पानी में चली गई। और डूबने से मौत हो गई।


