बस्ती। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने कोतवाली क्षेत्र के सिमरन लॉज में कम्यूनिटी पुलिसिंग के तहत जनचौपाल आयोजित कर नागरिकों, महिलाओं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं और सुझाव सुनते हुए पुलिस-जनता के बेहतर समन्वय, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।
इस दौरान साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशा उन्मूलन और सोशल मीडिया के दुरुपयोग के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। डीआईजी ने संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने सीपीयू प्रभारी को नियमित जनसंवाद, वृद्ध एवं दिव्यांगों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण, मिशन शक्ति और बाल संरक्षण योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

