वृद्ध ने दिखाई ईमानदारी, पड़े मिले 49 हजार रुपये किए वापस
रुदौली (अयोध्या): दिन भर मेहनत मजदूरी कर दो जून की रोटी का इंतजाम करने वाले भेलसर निवासी सिराज का ईमान रुपयों से भरा बैग भी नहीं डिगा सका। उन्होंने बैग में रखे 49 हजार रुपये पुलिस को थमा दिए। ईमानदार बुजर्ग की नेकनीयती की खूब सराहना हो रही है।
एसबीआइ ग्राहक सेवा केंद्र संचालक मुकेश कुमार गुप्ता रुपयों से भरा बैग लेकर एसबीआइ शाखा भेलसर में जमा करने जा रहे थे। ओवरब्रिज के निकट उनका बैग गिर गया। बैग बुजुर्ग के हाथ लगा। वह बैग में रुपये देखकर चौंक गया और बिना किसी को कुछ बताए सीधे भेलसर चौकी पहुंचा।
यहां पर चौकी प्रभारी मनीष चतुर्वेदी को पूरी बात बताते हुए रुपयों से भरा बैग सौंप दिया। चौकी प्रभारी ने वृद्ध की ईमानदारी की सराहना की और बैग से मिले कागजों के आधार पर ग्राहक सेवा केंद्र संचालक को चौकी बुला कर बैग व रुपये वापस किए। सीओ आशीष निगम ने वृद्ध की ईमानदारी व भेलसर चौकी प्रभारी की कर्तव्यनिष्ठा व नैतिकता को सराहा है। पुलिस की मदद से खोया बैग मिलने पर ग्राहक सेवा केंद्र संचालक ने पुलिस का आभार जताया है।


