टोल प्लाजा पर छेड़खानी, छात्रा ने जूता लेकर युवक को दौड़ाया
• स्कूल से घर जा रही छात्रा से टोल कर्मी ने की छेड़छाड़
• सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद आरोपित की तलाश में पुलिस
प्रयागराज, करछनाः औद्योगिक थाना क्षेत्र के मुंगारी टोल प्लाजा पर मंगलवार दोपहर एक युवक ने स्कूल से घर जा रही छात्रा के साथ छेड़खानी कर दी। इस पर भड़की छात्रा ने हाथ में जूता लेकर युवक को दौड़ा लिया। हंगामा होते देखकर जुटे लोग घटना का वीडियो बनाने लगे।
मंगलवार दोपहर स्कूल की छुट्टी होने पर साइकिल से घर जा रही तीन छात्राओं के साथ टोल प्लाजा पर तैनात युवक ने छेड़खानी करते हुए कुछ अपशब्द भी कहा। कुछ दूर जाने के बाद छात्रा वापस लौटी और जूता हाथ में लेकर युवक को मारने के लिए दौड़ी। छात्रा का उग्र रूप देखकर युवक ने टोल प्लाजा के भीतर जाकर दरवाजा बंद कर लिया।
छात्रा ने चीखते हुए कहा कि यह पहले भी उसे परेशान कर चुका है। यह देख भीड़ जुट गई। लोग वीडियो बनाने लगे तो छात्रा साथी छात्राओं के साथ वहां से चली गई। सूचना पर थाना प्रभारी ने चौकी प्रभारी रामपुर सुरेंद्र प्रताप सिंह को जांच के लिए भेजा। चौकी प्रभारी ने टोला प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज को देखा तो घटना सही मिली। थाना प्रभारी महेश मिश्रा ने कहा कि हालांकि किसी ने लिखित शिकायत नहीं की है लेकिन घटना की जानकारी मिलने के बाद जांच कर युवक युवक की तलाश की जा रही है।


