खिलाड़ियों के लिए विशेष परीक्षा आयोजित कराएगा विश्वविद्यालय
आगराः डा. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों की प्रतियोगिता के चलते परीक्षा न दे पाने पर विशेष परीक्षा आयोजित की जाएगी। गुरुवार को खंदारी परिसर में आयोजित खेलकूद परिषद की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
कुलपति प्रो. आशु रानी की अध्यक्षता में हुई बैठक में ऐसे खिलाड़ी, जिन्होंने विश्वविद्यालय की अंतर विश्वविद्यालय, अखिल भारतीय, उत्तर क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया हो और परीक्षा से वंचित रह गए हों, उनके लिए विशेष परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है। विश्वविद्यालय स्तर पर इंडोर स्विमिंग पूल प्रतियोगिता कराई जाएगी। खिलाड़ियों
के ठहरने के लिए छलेसर परिसर में छात्रावास भी उपलब्ध है। छलेसर परिसर में 400 मीटर सिंथेटिक ट्रैक के साथ पवेलियन में 1000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था के साथ मेजर ध्यानचंद स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। अखिल भारतीय, उत्तर क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिताओं में कोई भी खिलाड़ी अधिकतम तीन खेलों में प्रतिभाग कर सकेगा। खेल प्रतियोगिताओं का स्पोर्ट्स कलेंडर शीघ्र ही जारी किया जाएगा। बैठक में क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डा. राजेश प्रकाश, प्रो. एसपी सिंह, प्रो. कुलविंदर सिंह बग्गा, डा. एके गौतम, प्रो. राजेश कुशवाह, डा. जसवंत यादव, प्रो. दलवीर सिंह आदि मौजूद रहे।


