दो करोड़ की पानी टंकी से एक बूंद नहीं मिला पानी
कप्तानगंज । कप्तानगंज विकास क्षेत्र के ग्राम पंचायत पोखरा में ग्रामीणों को शुद्ध जल मुहैया कराने के उद्देश्य से 2.21 करोड़ रुपये की लागत से 2020-21 मे पेयजल योजना के तहत वाटर ओवरहेड टैंक बना। ग्रामीणों में आस जगी कि शहर की तरह उन्हें भी शुद्ध पेयजल मिलेगा। लेकिन दो साल बीतने को है शुद्ध जल की एक बूंद भी नहीं मुहैया हुई। जबकि वाटर सप्लाई के लिए पोखरा, रमवापुर खुर्द, महुरैया, अहिरौलिया, वनकटिया गांव में पाइप लाइन भी दौड़ाई जा चुकी है।
इलाके के रूपेन्द्र सिंह, झींकुलाल निषाद, बागेश कुमार पाण्डेय, संजय बब्बू सिंह कहते हैं कि करीब दो साल से पानी टंकी स्थापित है। गांव में सप्लाई के लिए पाइप भी दौड़ा दी गई है। लेकिन किसी घर तक शुद्ध जल की एक भी बूंद नहीं पहुंची। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत पर कोई सुनने वाला नहीं है।
खण्ड विकास अधिकारी कप्तानगंज विनोद कुमार सिंह ने इस बाबत कहा कि अगर ऐसा है तो मामला गंभीर है। पानी टंकी का निर्माण जल निगम की ओर से कराया जा रहा है। अभी हैंडओवर नहीं हुआ है। इसके बारे में जानकारी इकह्वा कर जल्द पानी टंकी संचालित कर हर घर तक शुद्ध पेयजल आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास करेंगे।


