जमीन विवाद में मारपीट और महिला से अभद्रता का आरोप, डीआईजी-एसपी से लगाई न्याय की गुहार
बस्ती। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के हसिया देवरी गांव में जमीन संबंधी विवाद को लेकर मारपीट, गाली-गलौज और महिला से अभद्रता का मामला सामने आया है। इस संबंध में मंजू देवी पत्नी उमेश कुमार ने पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र और पुलिस अधीक्षक बस्ती को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, उनके भाई लवकुश की आराजी गाटा संख्या 197 से संबंधित बंजर भूमि के मामले में नौ अक्टूबर को प्रार्थना पत्र दिया गया था। इस पर एसडीएम ने राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
आरोप है कि इसी विवाद को लेकर 13 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे विनय कुमार, दिनेश कुमार और उनके परिवार की कुछ महिलाएं उनके दरवाजे पर पहुंचीं और गाली-गलौज करने लगीं। विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर मंजू देवी, उनकी बहन संजू और भाई लवकुश के साथ लात-घूंसों, डंडे और ईंट से मारपीट की। पीड़िता ने बहन के साथ अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
मंजू देवी का कहना है कि शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद उनकी जान बच सकी। उन्होंने डायल 112 पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि थाने पर शिकायत देने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया और घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण भी नहीं कराया गया। प्रार्थना पत्र में मोबाइल फोन और मंगलसूत्र छीनने का आरोप भी लगाया गया है।
पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों से मामले में मुकदमा दर्ज कराने, तीनों घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने, आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा की माँग की है।
