कबीर तिवारी की सातवीं पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर, 100 छात्राओं को मिलीं साइकिलें
शॉल भेंट कर किया सम्मानित, पौधों का वितरण
बस्ती। कप्तानगंज क्षेत्र के ऐठीडीह स्थित कबीर तिवारी आश्रम में शुक्रवार को कबीर आदित्य नारायण तिवारी की सातवीं पुण्यतिथि पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कबीर आदित्य नारायण तिवारी वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में रक्तदान के साथ जरूरतमंदों की सहायता, महिला सम्मान और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्य किए गए। इस दौरान 100 जरूरतमंद छात्राओं को साइकिलें और ठेले का वितरण किया गया। आगन्तुकों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया, जबकि लोगों को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
रक्तदान शिविर में बस्ती चैरिटेबल ब्लड बैंक ने सहयोग प्रदान किया। आयोजन के माध्यम से लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए आगे आने की अपील की गई। आयोजकों ने रक्तदान को मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद विद्यार्थियों को साइकिल वितरित करने की पहल की गई। आयोजकों का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उनके स्कूल आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना रहा। इसके साथ ही महिलाओं को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। पौधों का वितरण कर लोगों को हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में स्वर्गीय कबीर आदित्य नारायण तिवारी के परिवार की ओर से न्याय की मांग का मुद्दा भी उठाया गया। रंजना तिवारी ने अपने भाई को न्याय दिलाने के लिए आगे भी संघर्ष जारी रखने की बात कही। वहीं, उनके बड़े भाई तुलसी तिवारी ने भी न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने की बात कही। परिवार की ओर से न्याय के लिए निरंतर प्रयास करते रहने का संकल्प व्यक्त किया गया। बस्ती चैरिटेबल ब्लड बैंक के मुकेश कुमार, शिवम मिश्र, संदीप चौधरी, जितेन्द्र कुमार आदि ने 20 लोगों के रक्त संग्रह में योगदान दिया।
कबीर आदित्य नारायण तिवारी की सातवीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में इं. वीरेंद्र मिश्रा, अभय देव शुक्ला, राजेश तिवारी के साथ ही बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
