किताबों से आगे की शिक्षा: जयपुरिया स्कूल बस्ती को दिल्ली में मिला ‘Excellence in Social Impact’ Award
बस्ती। सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, बस्ती को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और शिक्षा में नवाचार के लिए दिल्ली में आयोजित समारोह में ‘Excellence in Social Impact’ Award से सम्मानित किया गया। यह सम्मान स्कूल की उस शिक्षा पद्धति को मान्यता देता है, जो विद्यार्थियों को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखकर वास्तविक जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करती है।
स्कूल में गणित, वित्तीय साक्षरता और अन्य विषयों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से पढ़ाया जाता है। कंपाउंड इंटरेस्ट, ईएमआई, लोन और फ्रैक्शन्स जैसे विषयों को दैनिक जीवन से जोड़कर समझाया जाता है, जिससे बच्चों में अवधारणात्मक समझ विकसित हो सके।
विद्यार्थियों को जिला अधिकारी कार्यालय और स्थानीय पुलिस थाने का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया जाता है, ताकि वे प्रशासनिक और कानूनी व्यवस्थाओं को करीब से समझ सकें। वहीं, आईपीएल जैसे खेल आयोजनों के माध्यम से उन्हें बिजनेस मॉडल, ब्रांडिंग, टीम मैनेजमेंट और आर्थिक गतिविधियों की जानकारी दी जाती है।
स्कूल प्रबंधन का मानना है कि शिक्षा का उद्देश्य केवल सही उत्तर देना नहीं, बल्कि सही प्रश्न पूछना, समस्याओं को समझना और उनके समाधान तलाशना भी है। यह पुरस्कार इसी सोच और सामाजिक प्रभाव वाली शिक्षा प्रणाली की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
