युवक-युवती के शव पेड़ पर लटके मिले
बुलंदशहर : शादीशुदा युवक और युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों के शव आम के पेड़ से फांसी के फंदे पर लटके मिले। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की। जिसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में अभी पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग था।
थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया
सोमवार सुबह खेतों पर जा रहे कुछ लोगों ने छतारी थाना क्षेत्र में गांव बिरोरा मार्ग स्थित बाग में आम के पेड़ से युवक व युवती के शव लटके देखे। थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि दोनों ही शव दुपट्टा से फंदा लगाकर लटके हुए थे। शव गांव पंड्रावल निवासी 25 वर्षीय करन पुत्र रामनिवास और 18 वर्षीय खुशी पुत्री देवेन्द्र के थे। साथ ही पेड़ के निकट एक बैग भी पड़ा था। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की तो पता चला कि दोनों अनुसूचित जाति से हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि युवक की शादी पांच वर्ष पहले हुई थी और उसके एक बेटा व एक बेटी है। साथ ही वह दिल्ली में रहकर टाइल्स पत्थर लगाने का कार्य करता था। दोनों एक ही मुहल्ले में रहते थे। उनका एक दूसरे के घर आना-जाना था। युवती के स्वजन शादी के लिए रिश्ता तलाश रहे थे।
सीओ डिबाई शोभित कुमार
रविवार को दोनों बिना बताए गायब हो गए थे। सीओ डिबाई शोभित कुमार ने बताया कि पेड़ पर युवक व युवती के शव लटके हुए मिले हैं। प्राथमिक जांच में आत्महत्या करना सामने आया है। दोनों के स्वजन से पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों ने पूछताछ में बताया कि दोनों में प्रेम-प्रसंग था।

