कैफे में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म संचालक समेत तीन गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर : नाबालिग छात्रा को जबरन कैफे में ले जाकर युवक ने दुष्कर्म किया। मोबाइल फोन से अश्लील फोटो खींच लिया और इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी। उसका दोस्त बाहर मौजूद रहा। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित दोनों युवकों और कैफे संचालक को गिरफ्तार कर कैफे सील कर दिया। कोर्ट में पेश कर तीनों को जेल भेज दिया गया।
नई मंडी कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद बघेल ने बताया कि एक मुहल्ला निवासी हाईस्कूल की छात्रा रविवार को दुकान से सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान विशाल निवासी गांधी नगर वाल्मीकि बस्ती अपने दोस्त अंकित के साथ बाइक लेकर वहां पहुंचा और छात्रा को डराकर अपने साथ बाइक पर बैठाकर विश्वकर्मा चौक स्थित ब्लू आइस कैफे में ले गया। आरोप है कि यहां विशाल ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और मोबाइल फोन से अश्लील फोटो खींच ली। अंकित सीढ़ियों पर बैठा रहा। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपितों ने फोटो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी। घर पहुंची पीड़िता ने मां को घटना बताई।
पीड़िता की मां की तहरीर पर विशाल व अंकित के खिलाफ दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि विशाल, अंकित और कैफे संचालक अक्षय शर्मा निवासी रामपुरी कालोनी को गिरफ्तार कर लिया गया। विशाल और अंकित भी छात्र हैं। सीओ रुपाली राय ने बताया कि कैफे संचालक पर भी पाक्सो एक्ट की धारा के तहत कार्रवाई की गई है।

