अतिक्रमण हटाओ अभियान चला 27,400 जुर्माना वसूला
पटनाः शहर में शनिवार को भी अतिक्रमण उन्मूलन अभियान जारी रहा। इस दौरान अलग अलग इलाकों में अभियान चलाकर अतिक्रमणकारियों से 27,400 रुपये जुर्माना वसूला गया। प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वरवड़े ने सभी संबंधित एसडीओ एवं एसडीपीओ को प्रभावी ढंग से अभियान चलाने तथा व्यवधान उत्पन्न करने वालों पर विधि-सम्मत कार्रवाई का निर्देश दिया है। नगर निगम के कंकड़बाग अंचल में भूतनाथ संप हाउस के दोनों तरफ से अतिक्रमण हटाया गया। यहां से 73 सौ जुर्माना वसूल किया गया।
अजीमाबाद अंचल में जनता होटल से अशोक राजपथ होते हुए खाजेकला तक अतिक्रमण हटाने के साथ 46 सौ जुर्माना वसूला गया। वहीं, नूतन राजधानी अंचल में एक बार फिर जीपीओ से स्टेशन, एक्जीबिशन रोड, डाकबंगला से जीपीओ तक अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया। विशेष अभियान चलाकर वाहनों की भी जांच की गई और जुर्माना लगाया गया।